खेल मैदान के समीप बना है व्यावसायिक परिसर
नगर परिषद ने शुरू की प्रक्रिया, निविदाएं आमंत्रित
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा कुल्लू व्यवसायिक परिसर कुल्लू में बनी 36 दुकानों को लीज पर दिया जाएगा। दुकानों को लीज पर देने के लिए नगर परिषद कुल्लू ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुकानों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई है। यह निविदाएं 24 जुलाई से पहले ही करनी होगी।
इस दिन नगर परिषद कुल्लू के सदस्यों के समक्ष निविदाएं खोली जाएंगी। दुकानों का लीज पर आवंटन तय की गई शर्तों के आधार पर किया जाएगा। गौर रहे कि जिला मुख्यालय में पांच करोड़ से अंतरराष्ट्रीय दशहरा कुल्लू व्यावसायिक परिसर कुल्लू को तैयार किया गया है। अंतरराष्ट्रीय दशहरा कुल्लू व्यवसायिक परिसर कुल्लू को बनाने में लाडा का पैसा भी खर्च हुआ है। व्यावसायिक परिसर बनकर पूरी तरह से तैयार है। अस्पताल के समीप बना व्यावसायिक परिसर शहर में एक नया प्वाइंट बनेगा। यहां पर दुकानों में लाखों का कारोबार होगा और कई लोगों को भी व्यवसायिक परिसर में रोजगार मिलेगा। खास बात यह है कि व्यवसायिक परिसर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के बिल्कुल समीप है। ढालपुर की तरफ अधिकतर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। हालांकि यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि लीज पर दी जाने वाले दुकानों के आवंटन से नगर परिषद व प्रशासन को कितना फायदा मिलता है। नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दशहरा कुल्लू व्यावसायिक परिसर की 36 दुकानों को लीज पर देने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई है। इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा रहा है।