अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के लिए अब तीन हफ्ते से भी कम समय रह गया है। उत्सव के दौरान कुल्लू शहर व यहां आने वाले सैकड़ों देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों की सफाई व्यवस्था चकाचक करने के लिए नगर परिषद कुल्लू ने कमर कस ली है। दशहरा के लिए नप ने पंजाब से 200 सफाई कर्मचारियों को बुलाया है। पिछले दशहरा में यह संख्या करीब 150 तक थी।
11 सेक्टरों में बंटने वाले शहर में दशहरा को लेकर सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए हर सेक्टर के लिए टीमें तैयार की जाएंगी। उत्सव में भाग लेने वाले देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों को स्वच्छ रखने पर भी अधिक ध्यान रहेगा। ढालपुर स्थित देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों के आसपास पड़ी गंदगी व अवैध रूप से उगी झाड़ियों को साफ करने का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। दशहरा में जगह-जगह पर कूड़ेदान भी लगाए जाएंगे। हर देवी-देवता के ठहराव स्थल पर इसकी व्यवस्था की जा रही है। नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि दशहरा में सफाई चकाचक होगी। नगर परिषद ने पंजाब से 200 सफाई कर्मी को बुलाया है, जो अक्तूबर माह के दूसरे सप्ताह के बाद कुल्लू पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि दशहरा में भी ढालपुर की सुंदरता को कम नहीं होने दिया जाएगा। इसके सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। उपायुक्त यूनुस ने कहा कि दशहरा में सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए नगर परिषद को आदेश जारी कर दिए हैं।