कुल्लू। जिला के सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग ने बंक मारने वाले अध्यापकों पर शिकंजा कस दिया है। जिला मुख्यालय के साथ लगते प्राइमरी स्कूल बाशिंग और प्राइमरी स्कूल बाशिंग में शुक्रवार को शिक्षा उपनिदेशक से छापामारी की। इस दौरान मुख्य अध्यापक समेत अन्य अध्यापक नदारद पाए गए। स्कूल में चार बजने से पहले ही गेट पर ताला जड़ा हुआ पाया गया। शिक्षा उप निदेशक से मुख्य अध्यापक समेत अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। शिक्षा उपनिदेशक की कार्रवाई से स्कूलों में हड़कंप मच गया है। शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू प्रारंभिक शुक्रवार को औचक निरीक्षण पर निकले। इस दौरान शिक्षा उपनिदेशक 3:30 बजे प्राइमरी स्कूल बाशिंग पहुंचे। जहां पर शिक्षक स्कूल से नदारद पाए गए। स्कूल में चार बजने से पूर्व ही मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद शिक्षा उपनिदेशक ने बाशिंग के साथ लगते क्षेत्र बबेली में प्राइमरी स्कूल बबेली का रुख किया। यहां पर इसी तरह का मामला सामने आया। स्कूल में मुख्याध्यापक समेत अन्य अध्यापक स्कूल से नदारद पाए गए। जबकि गेट पर ताला लगा हुआ था।
गौर रहे कि इन दिनों पांचवीं कक्षा के बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं लेकिन स्कूल का पूरा स्टाफ स्कूल के बंद होने के समय से पूर्व ही गेट बंद कर चला गया। जिसके लिए शिक्षा विभाग ने अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। शिक्षा उप निदेशक कुल्लू प्रारंभिक कुलवंत पठानिया ने कहा कि प्राइमरी स्कूल बबेली और बाशिंग स्कूल का शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्कूलों से शिक्षक नदारद पाए गए तथा चार बजे से पहले ही मेन गेट पर ताले लगे हुए पाए गए। मुख्य अध्यापक समेत अन्य अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।