ढालपुर के लंकाबेकर कॉलेज के पास बनी बावड़ी में बच्चे के डूबने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। होली के दिन झारखंड के मंगल का चार वर्षीय अंशु बावड़ी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। खेलते खेलते वह बावड़ी के पास चला गया।
इस दौरान उसका पैर फिसला और बावड़ी में डूब गया। हादसा शुक्रवार दोपहर बाद तीन बजे पेश आया। इस दौरान परिवार के सदस्य सो रहे थे। बताया जा रहा है कि मजदूरों ने झुग्गी-झोपड़ी के बाहर अपनी सुविधा के लिए यह अस्थायी बावड़ी बनाई हुई थी।
बावड़ी के पानी का इस्तेमाल कपड़े आदि धोने में करते थे। एचएसओ कुल्लू अशोक शर्मा ने कहा कि जब परिजन बच्चे की तलाश करने लगे तो बाद में उन्हें पानी की बावड़ी में बच्चा मृत मिला। बच्चे की मौत से परिजन सदमे में हैं। मां का रो रोकर बुरा हाल है। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा, जहां शनिवार को चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम किया। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर चल सकेगा। ऐसे में पुलिस भी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
000