कुल्लू। जिले में बारिश से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शनिवार रात से हुई बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन की सूचना है। इससे सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। बिजली के ट्रांसफार्मर भी बंद हुए हैं। पेयजल योजनाओं को नुकसान के चलते सप्लाई प्रभावित हुई है।
आनी-निरमंड में 20 सड़कें डेढ़ सप्ताह से अवरुद्ध हैं। बंजार में चार और कुल्लू में दो सड़कों में भी यातायात बंद चल रहा है। मलाणा गांव के साथ बंजार से कुल्लू तक 21 ट्रांसफार्मर जाम होने से करीब 35 गांव प्रभावित हुए हैं। बिजली को बहाल करने का काम जारी है।
पेयजल स्कीमें भी बार-बार प्रभावित हो रही हैं। इसमें आनी-निरमंड की 18 और बंजार एवं सैंज में सात योजनाएं हैं। हालांकि बारिश से जिलावासियों को उमस से राहत मिली है। बागवानों के चेहरे खिले हैं। रुक-रुक बारिश होने से बागवान सेब और नाशपाती का तुड़ान भी नहीं कर पाए।
एडीएम कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि बारिश से सभी को सचेत रहने की जरूरत है। हफ्तेभर तक भारी बारिश होने का अलर्ट है। बारिश के कारण ही प्रभावित जनजीवन को पटरी पर लाने में देरी हो रही है। संवाद
मौसम विज्ञान केंद्र ने कुल्लू जिले में इस सप्ताह मौसम खराब रहने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया है। पर्यटकों को नदी-नालों के साथ ट्रैकिंग पर न जाने की हिदायत दी है।