अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से फंस रहे वाहन
लाहौल-स्पीति में पटरी पर लौटने लगा जनजीवन, अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों के 62 संपर्क मार्ग बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल स्पीति)। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति का जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। मौसम खुलते ही सड़क सीमा संगठन और लोक निर्माण विभाग ने सड़कों को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया था।
घाटी में 228 संपर्क मार्ग बहाल किए जा चुके हैं। बीआरओ ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से दारचा और किलाड़ तक मार्ग को बहाल कर दिया है।
अटल टनल होकर भारी संख्या में पर्यटक लाहौल पहुंच रहे हैं, लेकिन अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के आसपास पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से घंटों तक जाम लग रहा है। पुलिस जवान यातायात को सुचारू रखने में खूब पसीना बहा रहे हैं, लेकिन पार्किंग के लिए जगह न होने से पर्यटकों को अपने वाहन सड़क किनारे खडे़ करने पड़ रहे हैं। जाम से बचने के लिए घाटी के लोग सुबह ही निकल रहे हैं। सड़क पर बर्फ जमने के कारण उनका सफर खतरे से खाली नहीं है। कुछ दिन पहले भी नॉर्थ पोर्टल के पास एक वाहन स्किड होकर सड़क से नीचे जा गिरा था। वाहन में करीब 8 स्थानीय लोग सवार थे। ये लोग भी जाम से बचने के लिए मनाली से लाहौल के लिए निकले थे।
घाटी के संगीता, कार्तिक, आंगमों और सुरेश का कहना है कि नॉर्थ पोर्टल के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इस कारण पर्यटक वाहन सड़क में दोनों तरफ बेतरतीब खड़े होते हैं। इससे जाम की स्थिति बन रही है।
उधर, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे खाली जगह से बर्फ को हटाया जाया, जिससे पर्यटक वाहनों को पार्क किया जा सके। उधर, उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि नॉर्थ पोर्टल के पास साड़ा बैरियर के समीप सड़क किनारों से बर्फ हटाकर वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।