अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी और संबंधित निर्माण फोरलेन कंपनी को कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य तेजी से पूरा करने तथा क्षतिग्रस्त मार्ग की तुरंत मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाईवे को चौड़ा करने के कार्य के दौरान स्थानीय लोगों को हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए भी कहा गया है।
कहा कि सितंबर के आखिरी हफ्ते में भारी बारिश के कारण कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे काफी क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि इस मार्ग को बहाल कर दिया गया। लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भी वोल्वो बसों और अन्य भारी वाहनों को मनाली तक पहुंचाने में मुश्किल हो रही है। इससे मनाली का पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। इसके मद्देनजर नेशनल हाईवे के अधिकारियों और कुल्लू-मनाली हाईवे को चौड़ा करने का कार्य कर रही कंपनी को कड़े निर्देश दिए गए हैं। गोविंद सिंह ने अधिकारियों को इस कार्य को तेज करने को कहा। प्रशासनिक अधिकारी भी इस कार्य की प्रगति पर नियमित रूप से नजर रखें। क्षतिग्रस्त मार्ग की तुरंत मरम्मत सुनिश्चित करें, जिससे मनाली तक वोल्वो बसों व अन्य भारी वाहनों की आवाजाही में कठिनाई न हो। वन मंत्री ने कहा कि हाईवे के चौड़ीकरण कार्य के चलते कई स्थानीय लोगों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। उनको नुकसान की भरपाई करे। इस कार्य में किसी तरह की कोताही न की जाए।