कुल्लू। दिल्ली से भुंतर के बीच एयर इंडिया की उड़ानें 18 जनवरी से ठप पड़ी हैं। हालांकि 25 और 26 जनवरी को दो दिन उड़ान हुई थी, लेकिन इसके बाद से एयर इंडिया की फ्लाइट ठप पड़ी है। उड़ानों के बार-बार रद्द होने के पीछे एयर इंडिया का आंतरिक मामला बताया जा रहा है। पायलट मांगों को लेकर सेवाएं नहीं दे रहे हैं।
उड़ानों के प्रभावित होने से कुल्लू-मनाली के पर्यटन व्यवसाय को झटका लगा है। ऑनलाइन बुकिंग रद्द होने से ट्रेवल एजेंटों को इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुल्लू की वादियों में एक ओर जहां बर्फबारी न होने से पर्यटन कारोबार बैकफुट पर है। वहीं उड़ानों के बार-बार बंद होने से पर्यटन कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है।
होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि फ्लाइटों का बंद होना पर्यटन कारोबार के लिए अच्छी खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाना चाहिए।
उधर, भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक एए अंसारी ने कहा कि 27 जनवरी से हवाई उड़ानें ठप पड़ी हैं। भुंतर स्थित एयर इंडिया के प्रभारी दिनेश भारद्वाज ने कहा किन्हीं कारणों से उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। 30 जनवरी से दिल्ली-भुंतर की उड़ानें नियमित रूप से शुरू होंगी।