मनाली के मॉल रोड़ पर चहलकदमी करते पर्यटक।-संवाद
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। दो दिन में मनाली में 20 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं। अटल टनल, सोलंगनाला समेत तमाम पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हैं। शहर के मालरोड पर भी पर्यटकों की चहल पहल बढ़ गई है। आगामी दो दिनों में पर्यटकों की भीड़ में और इजाफा होने की उम्मीद है।
ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों को लें तो वीरवार को 1074 और शुक्रवार को लगभग 1500 पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे। इसके अलावा वोल्वो बसों में भी सैकड़ों पर्यटकों ने मनाली का रुख किया। होटलों की ऑक्यूपेंसी बढ़कर 60 से 70 प्रतिशत के करीब पहुंच गई है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।
ऑनलाइन बुकिंग में भी इजाफा हो रहा है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि पर्यटन कारोबार अब रफ्तार पकड़ रहा है। वीकेंड तो बहुत बढ़िया चल रहा है। होटल कारोबारी मोहन, रजनीश, हरी चंद ने कहा कि पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। आगामी दिनों में पर्यटन सीजन अच्छा चलने की उम्मीद है। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। संवाद