टांडा मेडिकल कॉलेज के डाॅ. मुकेश कुमार ने टटोली लोगों की नब्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
क्षेत्र की जनता की मांग पर राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान टांडा एसोसिएट प्रोफेसर न्यूरो सर्जरी डाॅ. मुकेश कुमार की ओर से लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में करीब 200 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें बंजार के साथ बाह्य सराज आनी के मरीजों ने भी भाग लिया।
डाॅ. मुकेश कुमार ने बताया कि जनता की मांग पर बंजार क्षेत्र में समय-समय पर मुफ्त स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाता है। तंत्रिका शल्य चिकित्सा से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी और नसों से जुड़ीं बीमारियों और चोटों का इलाज किया जाता है। इसमें मस्तिष्क की सर्जरी (ब्रेन सर्जरी) के साथ रीढ़ और नसों की सर्जरी भी शामिल है। इन स्थितियों का निदान ऑपरेशन और दवाइयां और थेरेपी दोनों तरह से किया जाता है। यह सिर्फ ब्रेन ट्यूमर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पीठ दर्द, गर्दन की चोट, सर्वाइकल, माइग्रेन, स्कोलियोसिस, और पार्किंसंस जैसी कई स्थितियां भी आती हैं।