कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव व्यावसायिक परिसर में बनी दुकानों के आवंटन के लिए तीसरी बार नीलामी प्रक्रिया अमल में लाई गई। इस प्रक्रिया के बाद भी अभी 10 दुकानें ऐसी रह गई हैं जो नीलाम नहीं हो पाई।
इन दुकानों में 33 और 34 नंबर दुकानें ऐसी हैं जिनके लिए एक भी कारोबारी ने आवेदन नहीं किया। इस कारण इन दोनों दुकानों की नीलामी को रद्द किया गया।
तीसरी बार 20 दुकानों के लिए नीलामी प्रक्रिया अमल में लाई गई, इसमें सिर्फ 10 दुकानें ही नीलाम हो पाईं जबकि 10 शेष दुकानों के लिए अब आने वाले समय में फिर से नीलामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। दरअसल, मंगलवार को देवसदन कुल्लू के सभागार में तहसीलदार सुरभि, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी की मौजूदगी में नीलामी प्रक्रिया चली। दिनभर चली इस प्रक्रिया में कारोबारियों ने हिस्सा लिया लेकिन कारोबारी दुकानों की बोली के दौरान जोखिम उठाने से कतराते हुए दिखाई दिए।
इस कारण मंगलवार को अधिकतर 16,000 से लेकर 30,000 रुपये के बीच ही दुकानें नीलाम हुई जबकि पहली बार की बोली के दौरान अधिकतर दुकानें 50,000 रुपये से अधिक में नीलाम हुई थीं और यहां तक 10 नंबर दुकान तो 1.36 लाख रुपये में नीलाम हुई थी।
हालांकि बाद में दुकानदारों ने उन्हें चलाने से हाथ खड़े कर दिए और दूसरी बार की नीलामी में वह दुकान करीब 50,000 रुपये में ही नीलाम हुई। उसके बाद लगातार कारोबारियों में इस व्यावसायिक परिसर को लेकर कोई खास रुचि देखने को नहीं मिल रही है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि मंगलवार को शेष बची 20 दुकानों के लिए नीलामी प्रक्रिया अमल में लाई गई जिनमें 10 दुकानें नीलाम हुई हैं जबकि 10 अभी शेष हैं। इनकी नीलामी आने वाले समय में करवाई जाएगी।