मनाली। दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मनाली में एक्ट ह्यूमेन फाउंडेशन ने कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया। इसमें करीब 20 जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आईटीबीपी की दूसरी बटालियन कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर सौरभ दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि समाज में कई संस्थाएं लोगों के उत्थान और जरूरतमंदों की मदद के लिए कार्य कर रही हैं। एक्ट ह्यूमेन फाउंडेशन भी इस दिशा में सराहनीय प्रयास कर रही है। दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रशासन के सहयोग से इस तरह के शिविर आयोजित करने के लिए फाउंडेशन का सहयोग लिया जाएगा। आईटीबीपी की दूसरी बटालियन कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर सौरभ दुबे ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सराहनीय कार्य है। संवाद