नग्गर (कुल्लू)। वन व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को राजकीय उच्च पाठशाला जाणा में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत करीब 46 लाख की लागत से निर्मित नए भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल के लिए एक और भवन की आधारशिला भी रखी, जिस पर एक करोड़ से अधिक राशि खर्च होगी।
गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भवनों के निर्माण से जाणा स्कूल के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वन मंत्री ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वन हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इनके संरक्षण के लिए हर नागरिक को आगे आना चाहिए। गोविंद सिंह ने कहा कि जाणा क्षेत्र की वोल्टेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए 25 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा, जिसके लिए 17 लाख से अधिक राशि मंजूर कर दी गई है। जाणा के देवता भंडारण भवन के लिए भी 69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जाणा स्कूल में मैदान के लिए भी जल्द ही बजट मुहैया करवाया जाएगा। वन मंत्री ने बरनोट के सामुदायिक भवन के लिए आठ लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले जाणा स्कूल के छात्रों को ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये देने का एलान भी किया। बीडीसी उपाध्यक्ष अमर चंद, जाणा पंचायत के प्रधान श्याम लाल और मुख्य अध्यापिका ने वन मंत्री का स्वागत किया और विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। समारोह में मनाली भाजपा मंडल महामंत्री ठाकुर दास, उपाध्यक्ष अखिलेश कपूर, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी रेशमा ठाकुर आदि उपस्थित रहे।