अब बसों के लिए खोला जाएगा जलोड़ी दर्रा
मौसम ठीक रहने पर अप्रैल के पहले हफ्ते से नेशनल हाईवे पर दौड़ सकेंगी बसें
पौने तीन माह से औट-लूहरी-सैंज हाईवे पर बस सेवा है बंद
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पौन तीन माह से बस सेवा के लिए बंद औट-लूहरी-सैंज हाईवे 305 को अब बसों के लिए खोला जाएगा। 150 सेंटीमीटर बर्फबारी से लकदक जलोड़ी दर्रा अभी छोटे वाहनों के लिए बहाल हुआ है। लेकिन हाईवे पर बर्फ होने से निगम की बस सोझा तक ही जा रही है और लोग पांच किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर हैं।
जलोड़ी दर्रा में बस सेवा शुरू करने को लेकर एनएच अथॉरिटी 25 मार्च से सड़क के किनारों में जमी बर्फ की चादर को हटाने के लिए डोजर को तैनात करेगी। हालांकि रविवार को भी बंजार से छोटे वाहन दर्रा की ओर निकले थे। लेकिन बड़ानाला से आगे नहीं जा सके। आनी से कुल्लू की ओर आए कुछ वाहन दर्रा के पार हुए। हाईवे पर भारी बर्फबारी को देखते हुए अथॉरिटी ने अभी सुरक्षा के लिहाज से छोटे वाहनों को भी चलाने की अनुमति नहीं दी है। दर्रा की ओर जो भी वाहन जा रहे वह अपने खतरे पर आवाजाही कर रहे हैं। एनएच अथॉरिटी का कहना है कि मौसम ने अगर साथ दिया तो अप्रैल माह के पहले हफ्ते में बस सेवा शुरू हो जाएगी। इससे बाह्य सराज की परेशान 58 पंचायतों की जनता को राहत मिलेगी। विनय गोस्वामी, रमेश चंद, प्रेम सिंह, दिले राम, चमन लाल, प्रताप सिंह, दिवान सिंह तथा झाबे राम ने कहा कि कई सालों के बाद जलोड़ी दर्रा पौने तीन माह तक यातायात के लिए बंद रहा। कहा कि रिकॉर्ड बर्फबारी के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर दर्रा को पैदल आरपार कर रहे हैं। उधर, एनएच अथॉरिटी के सुपरवाइजर यशवर ठाकुर ने कहा कि सोमवार से हाईवे को बस योग्य बहाल करने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए दोनों तरफ से डोजर से बर्फ हटाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मौसम ठीक रहा तो अप्रैल माह के पहले सप्ताह से बसों का आवागमन शुरू हो जाएगा।