अमर उजाला व्यूरो
कुल्लू/मनाली। तीन दिन के बाद फिर से घाटी का मौसम बदल गया है। रोहतांग दर्रा में रविवार को हिमपात होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की है। इससे पूरी कुल्लू घाटी में कड़ाके की ठंड हो गई है। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, बारालाचा में फाहे गिरे।
कुल्लू घाटी में मौसम सुबह से बादलों से ढका रहा। लेकिन दोपहर बाद शीतलहर चलने से रोहतांग दर्रा में हल्की बर्फबारी को दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग की ओर से दो दिनों तक बर्फबारी व बारिश होने की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया और इसको लेकर आपदा प्रबंधन को भी सतर्क कर दिया है। पर्यटकों को संवेदनशील वाली जगहों पर न जाने तथा एचआरटीसी ने अपने बस चालकों को मौसम को भांपकर ही बसों का संचालन करने को कहा है। बस अड्डा प्रभारी कुल्लू सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि जिला में करीब दो दर्जन रूटा में बर्फबारी या भूस्खलन के खतरे से निगम की बसें फंस जाती हैं। ऐसे में उन्होंने बस चालकों को सुरक्षा के लिहाज से बसों को गंतव्य तक न ले जाने को कहा गया है। उधर, डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और जिला के साथ सभी खंडों के आपदा प्रबंधन को किसी भी स्थिति को निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।