कुल्लू। पंचायत समिति हाल कुल्लू में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बैठक एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ब्यास नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने को लेकर आयोजित इस जागरूकता शिविर की अध्यक्षता डीआरडीए के उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी सुरजीत सिंह ने की।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला परियोजना समन्वयक इंद्र देव ने इसकी विस्तृत जानकारी दी। शिविर में ब्यास नदी के किनारे लगती 22 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान व सचिवों ने भाग लिया। इंद्र देव ने बताया कि ब्यास नदी को स्वच्छ बनाए रखने हेतु कार्य योजना तैयार की जाएगी तथा पंचायतों से निकलने वाले कचरे का सर्वे भी किया जाएगा और उसके निष्पादन के लिए एक प्रभावी व्यवस्था की जाएगी। इससे ब्यास नदी की सफाई व्यवस्था सुधरेगी। डीआरडीए के उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि ब्यास नदी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आम जनमानस को जागरूक करना होगा, जिससे कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह का कूड़ा-कचरा नदी में न फेंके और न ही किसी तरह की मल निकासी व गंदा जल सीधे नदी में जाए। उन्होंने कहा कि ब्यास तट के इर्द-गिर्द की पंचायतों के जनप्रतिनिधि आम लोगों को जागरूक करें तथा प्रदूषण रोकने को लेकर कदम उठाएं, ताकि एनजीटी के आदेशों की पालना हो सके। उन्होंने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने नदियों में हो रहे जल प्रदूषण पर कड़ा संज्ञान लिया है। कोर्ट ने नदी प्रदूषित होने पर 25 हजार रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक जुर्माना लगाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए सभी लोगों व जनप्रतिनिधियों को जागरूक होने की आवश्यकता है। परियोजना अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिला में कूड़ा-कचरा प्रबंधन पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसके लिए पंचायतों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया गया।