अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चैहणी के करीब आधा दर्जन गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। पंचायत के गांव मियागी, वछियार, चैहणी, खदरेहड व कांडी नाल की लगभग 250 आबादी पैदल चलने को मजबूर हैं। किसानों-बागवानों को फल व सब्जियों को पीठ पर उठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है।
मरीजों को कुर्सी पर बिठा कर तीन से चार किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है। वार्ड पंच नोक सिंह, देवेंद्र सिंह, लाल सिंह, चेत राम, चुनी लाल, नरोत्तम सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुरेश चंद, दिनेश, देवेंद्र, रतीराम, भगत राम, खूब राम, अनंत राम, युवराज तथा भीमसेन का कहना है कि इन गांवों को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2012 में सर्वेक्षण भी किया जा चुका है तथा इसकी गिफ्ट डीड भी मिल चुकी है। इसके बाद भी अभी तक सड़क का कार्य शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा न होने के कारण गांव की बीमार महिला पुनी देवी को उपचार के लिए कुर्सी पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना है सबसे अधिक परेशानी गांव में किसी के बीमार पड़ने पर होती है। ग्रामीणों ने लोनिवि तथा स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी से जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू करने की मांग की है। उधर, लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता आरएल ठाकुर का कहना है कि गिफ्ट डीड पूरा होते ही सड़क कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
पूर्व सरकार के समय सड़क का सर्वे किया गया था। इसकी आगामी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। उनके विधायक बनने के पश्चात लोगों की सुविधा के लिए फाइलों को निकाल कर 80 प्रतिशत गिफ्ट डीड पूरी कर दी है। इसका अन्य कार्य पूरा होते ही टेंडर लगवा कर सड़क का कार्य शुरू किया जाएगा।
-सुरेंद्र शौरी, विधायक, बंजार