कुल्लू। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत सोमवार को पांचवीं कक्षा की छात्रा नव्या चौधरी ने ढालपुर चौक में जिला पुलिस के सहयोग से आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उसने यातायात नियमों को लेकर पत्रक बांटे। पत्रकों के माध्यम से नव्या ने जनमानस को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।
अधिकतर लोग यातायात नियमों से अनजान हैं। नव्या के अनुसार सड़क पर लोग तेज गति से वाहनों को दौड़ाते हैं, जिससे राहगीरों व अन्य वाहन चालकों को डर के साये में चलना पड़ता है। नव्या कहती है कि उसका व उसके जैसे कई अन्य बच्चों का मन भी करता है कि स्कूल से लौटने के बाद सड़क पर साइकिल चलाएं। लेकिन सड़क पर अधिक ट्रैफिक होने व वाहन चालकों के तेज गति से वाहन चलाने के करण बच्चे साइकिल लेकर सड़क पर नहीं जा सकते। उसका कहना है कि अगर सभी यातायात नियमों का पालन करें तो बच्चों को सड़क किनारे पैदल चलने और साइकिल चलाने में परेशानी नहीं होगी। कुछ युवा बिना हेलमेट पहने तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हैं। बच्ची ने ऐसे वाहन चालकों से आह्वान किया कि वे सुरक्षित तरीके से वाहन चलाए। वाहन चलाते समय ध्यान रखें कि सड़क के किनारे बच्चे भी चलते हैं। उधर, बच्ची की इस मुहिम को सफल बनाने के लिए जिला पुलिस व प्रेस कल्ब ने भरपूर साथ दिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक आशीष शर्मा ने नव्या के प्रयासों की सराहना की है।