दशहरा उत्सव में जीएसटी से कमाए 1.26 करोड़
इस बार पिछले साल से 25 फीसदी अधिक प्राप्त हुआ राजस्व
व्यापारियों को प्लॉट पर लगाया 18 प्रतिशत जीएसटी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में इस बार प्लॉट आवंटन से जीएसटी के तहत आबकारी एवं कराधान विभाग ने करीब एक करोड़ 26 लाख रुपये कमाए हैं। प्लॉट आवंटन से इस बार कुल छह करोड़ 80 लाख की कमाई हुई, जिसमें व्यापारियों से 18 प्रतिशत जीएसटी वसूला गया।
व्यापारियों से वसूले गए 18 प्रतिशत जीएसटी के तहत सरकारी खजाने में एक करोड़ 26 लाख आए, जो पिछले साल की अपेक्षा 25 फीसदी अधिक है। पिछले साल दशहरा उत्सव के लिए बेचे गए प्लॉट के तहत कुल 98 लाख का राजस्व जीएसटी के तहत सरकार को प्राप्त हुआ था। जो अब बढ़कर एक करोड़ 26 लाख हो गया है। वहीं, विभाग ने जीएसटी और कर चोरी करने वालों पर नजर रखने के लिए दो टीमों का गठन किया है, जो नाके लगाकर व्यापारियों के एवी फार्म की जांच कर रही है। पिछले तीन दिन में नाकाबंदी कर वोल्वो बसों की चेकिंग की, जिसके तहत विभाग ने तीन दिन में साढ़े तीन लाख का कर वसूला है। आबकारी एवं कराधान विभाग कुल्लू और लाहौल स्पीति के आयुक्त नरेंद्र सेन ने कहा कि दशहरा उत्सव के लिए व्यापारियों को बेचे गए प्लॉट के तहत जीएसटी के माध्यम से इस बार एक करोड़ 26 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है। पिछली बार यह 98 लाख था, जो 25 फीसदी अधिक है। यह प्रदेश में होने वाले किसी भी मेलों में अधिक है। दशहरा उत्सव में आने वाले व्यापारियों के जीएसटी की जांच की जा रही है। खामियां पाए जाने वालों पर जुर्माना किया जा रहा है।