ग्रामीणों से पूछताछ करेगी पुलिस, संभावित शिकार के रास्ते करेगी चेक
वन्य प्राणी अंग तस्करी मामले में जांच को शॉक्टी पहुंची टीम
तेंदुए की खाल समेत अन्य वन्य प्राणियों के अंगों की होगी जांच
पूछताछ में आरोपी का खुलासा, मरे हुए मिले प्राणियों के हैं अंग
सेक्चुरी एरिया में प्रतिबंधित हैं बंदूक व कारतूस, दोनों अवैध
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। वन्य प्राणी अंग तस्करी मामले में भुंतर पुलिस सैंज घाटी के दुर्गम गांव शॉक्टी में पहुंच गई है। पुलिस गांव में इस मामले को लेकर ग्रामीणों से पूछताछ करेगी और अन्य वन्य प्राणी अंगों को लेकर भी एरिया खंगाला जाएगा। इस मामले के बाद क्षेत्र पुलिस रडार पर है। पुलिस टीम वन विभाग के अधिकारियों के साथ शिकार के संभावित रास्तों को भी जांचेगी।
आरोपी को कोर्ट से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि अंग मरे हुए प्राणियों के निकाले गए हैं और कुछ अंग उसके पास पुराने पड़े हुए थे। पुलिस जांच को भटकाने के लिए आरोपी लगातार बहाने मार रहा है और किसी भी गलत गतिविधियों में संलिप्त न होने की बात कह रहा है। हालांकि आरोपी की यह थ्योरी किसी भी तरह से पुलिस जांच में सिरे नहीं उतर रही है। जिस पर टीम शॉक्टी दबिश दे रही है। पुलिस बरामद किए गए अंगों की जांच भी विशेषज्ञ से करवाने जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि यह कितने पुराने हैं। विशेषज्ञों से यह भी पता लगाया जाएगा कि गोली मारकर खाल उतारी गई है या नहीं।
पुलिस आरोपी के कब्जे से एक दर्जन से अधिक मिले मोबाइल का डाटा भी खंगालने में जुटी हुई है। इसी के माध्यम से आरोपी की सच्चाई सामने आएगी। पता लगाया जा रहा है कि इतने अधिक फोन से आरोपी किसके संपर्क में था। इस मामले में पुलिस वन्य प्राणी अंगों के तस्करी गिरोह को लेकर भी जांच कर रही है। सेंक्चुरी एरिया में बंदूक और कारतूस प्रतिबंधित हैं। ऐसे में आरोपी के कब्जे से पकड़ी गई बंदूक अवैध बताई जा रही हैं। हालांकि इस बंदूक के लाइसेंस को लेकर पुलिस पता लगा रही है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। साइंटिफिक समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। विशेषज्ञों से वन्य प्राणियों के अंगों को लेकर राय ली जाएगी।