अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शहर में कूड़े की समस्या को लेकर उपायुक्त सख्त हो गई है। उपायुुक्त ने नगर परिषद को साफ तौर पर कह दिया है कि शहर में कूड़े कचरे के ढेर नहीं लगने चाहिए, जहां पर भी कूड़ा जमा किया गया है, उसे तुंरत हटाया जाए। इस संबंध में उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने पार्षदों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं कि सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रखे।
उपायुक्त से मिले आदेश के बाद ही कुल्लू में कूड़ा उठने का क्रम शुरू हुआ है, जिससे लोगों थोड़ी राहत मिली है। हालांकि अभी भी कई जगहों पर स्थिति वैसी ही है। कूड़ा न उठाए जाने से कई जगहों पर ढेरों में दिन के समय ही आग लगाने के मामले भी सामने आ रही है। सोमवार को गांधीनगर में बनी पिट में दिन के समय ही कूड़ा जलाया गया। कूड़े के ढेरों को जलाए जाने से एनजीटी और पर्यावरण नियमों की कुल्लू में सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कई कोशिशों के बावजूद शहर में जगह-जगह पर लगे कूड़े के ढेरों से लोगों को निजात नहीं मिल रही है।