अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। आखिर शादी के एक दिन पूर्व मंडी निवासी योगराज को हेलीकाप्ॅटर से लिफ्ट करवाया गया है। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को तय शेड्यूल के मुताबिक पांगी घाटी के लिए एक उड़ान भरी।
वापसी में कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा के हस्तक्षेप व जिला परिषद लाहौल-स्पीति के चेयरमैन रमेश रूअलवा के आग्रह पर हेलीकॉप्टर की तांदी (डाइट) हेलीपैड में लैंडिंग करवाई गई। इससे मंडी निवासी योग राज, कुल्लू के बजौरा निवासी देवेंद्र कुुमार और डीएसपी केलांग हरीश कुमार को पांगी की उड़ान से भुंतर उतारा गया। योगराज की शादी पांच और देवेंद्र कुमार की शादी सात फरवरी को तय है। योगराज के समय पर मंडी पहुंचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजनों ने मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा और जिप चेयरमैन रमेश रूअलवा का आभार जताया है। वहीं, अमर उजाला ने सोमवार को कल शादी, लाहौल में बर्फ में फंस गया दूल्हा खबर को प्रमुखता से उठाया था। सोमवार को राज्य सरकार ने पांगी के लिए हुई उड़ान के बाद तांदी (डाइट ) हेलीपैड के लिए एक विशेष हेलीकॉप्टर की उड़ान करवाई। इसमें चार गर्भवती महिलाओं के साथ छह मरीज और एक टीजीटी अध्यापिका को कुल्लू लाया गया। तांदी (डाइट) हेलीपैड के लिए हुई दूसरी विशेष उड़ान में भुंतर से 18 यात्रियों को लाहौल पहुंचाया गया। तांदी (डाइट) से भी 18 लोगों को भुंतर पहुंचाया है। कुल्लू में तैनात उड़ान समिति के प्रभारी अशोक ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हेलीकाप्टर सीट में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जा रही है। बताया कि यात्रियों को हेलीकाप्ॅटर में सीट पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर दी जा रही है। पांच से नौ फरवरी तक हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने बताया कि मंडी निवासी योगराज और कुल्लू निवासी देवेंद्र कुमार को पांगी के लिए हुई हेलीकॉप्टर उड़ान को वापसी में तांदी (डाइट) में लैंडिग कर कुल्लू भेजा गया है।