अमर उजाला ब्यरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में होने वाले राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल, क्रिसमस, नववर्ष के जश्न के लिए पुलिस ने भी अभी से तैयारी करनी शुरू कर दी है। इन उत्सव के लिए मनाली में ट्रैफिक को नियंत्रण के लिए पुलिस की दो अतिरिक्त बटालियन बुलाई गई हैं। फोरलेन निर्माण के चलते मनाली में ट्रैफिक जाम से पर्यटक व आम जन परेशान हैं। ऐसे में क्रिसमस से पहले मनाली में बटालियन की तैनाती हो जाएगी।
डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि क्रिसमस, नववर्ष और विंटर कार्निवाल के दौरान मनाली में सैलानियों के साथ आम लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में मनाली में यातायात की समस्या भी अधिक रहती है। हालांकि मनाली में विंटर सीजन व अन्य उत्सवों से पहले यहां ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इससे आम लोगों के साथ सैलानी भी परेशान हैं। क्रिसमस से लेकर जनवरी के पहले हफ्ते तक मनाली में पर्यटकों की भीड़ होने पर पुलिस की दो बटालियन को मनाली बुलाया है। ये बटालियन दिसंबर के तीसरे सप्ताह मनाली पहुंच जाएगी। पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस बटालियन यातायात के साथ मनाली की सुरक्षा व्यवस्था को भी देखेगी। इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों को तैनात किया जाएगा। पुलिस ने क्रिसमस से लेकर नववर्ष और विंटर कार्निवाल की तैयारियों अभी से शुरू कर दी हैं।