कुल्लू। विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल शुरू हो गई है। अब पार्क में बने रोपा, शांघड और शाईरोपा रेस्ट हाउसों की बुकिंग ऑनलाइन हो सकेगी। पार्क प्रबंधक इसकी प्रक्रिया में जुट गया है और आगामी 15 दिनों के भीतर यह प्रक्रिया पूरी तरह से आरंभ हो जाएगी।
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के रेस्ट हाउसों के लिए ऑनलाइन बुकिंग से आगामी पर्यटन सीजन में पर्यटकों को इसका लाभ मिलेगा। इससे न केवल पार्क क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि लोगों को स्वरोजगार के भी अवसर प्रदान होंगे। अभी तक पार्क के रोपा, शांघड और शाईरोपा रेस्ट हाउसों की बुकिंग शमशी स्थित पार्क के डीएफओ कार्यालय में होती थी। अब पर्यटक व ट्रैकर देश विदेश से भी अपनी बुकिंग कर पाएंगे। ऑनलाइन बुकिंग से पार्क क्षेत्र के अनछुए पर्यटन स्थलों को भी नई पहचान मिलेगी।
देवराज, आलम चंद, सोहन कुमार, गिरधारी लाल, ध्यान सिंह, हीरा लाल, हरि चंद, मोती राम, राम सिंह ने ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क प्रबंधन द्वारा शुरू की गई इस कवायद का स्वागत किया है। इन लोगों का कहना है कि पार्क के रेस्ट हाउसों की ऑनलाइन बुकिंग से पर्यटन के साथ युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उधर, अरण्यपाल आरएस पटियाल ने कहा कि अब पार्क में सैर सपाटे को आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पार्क में पर्यटकों की चहल-पहल अधिक हो इस दिशा में इस कार्य को अंजाम दिया गया है।