Coronavirus economic impact concept image
- फोटो : Feydzhet Shabanov - stock.adobe.
कुल्लू। जिला कुल्लू में 3 जनवरी से सभी स्कूलों में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर कोविन वैक्सीन लगाई जाएगी। स्कूलों में अध्ययनरत ऐसे सभी छात्र जिनका जन्म 31 दिसंबर 2007 से पहले हुआ हो, वह कोरोना वैक्सीन कोविन के लिए पात्र होंगे। स्कूलों में बच्चों को वैक्सीनेशन के लिए अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ आने की अपील की है।
जिले में 22 हजार 929 विद्यार्थियों का टीकाकरण होगा। सरकारी स्कूलों में 17 हजार और प्राइवेट स्कूलों में तीन हजार छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही आईटीआई में छात्रों की संख्या को लेकर कार्य किया जा रहा है।
जिला कुल्लू में सभी राजकीय उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में 15 से 18 वर्ष के छात्रों को वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि वह जिले के सभी स्कूलों में प्रिंसिपलों के माध्यम से बच्चों को समय पर सूचित कर दें ताकि बच्चों को समय पर वैक्सीनेशन दी जा सके।
इसके अतिरिक्त प्रवासी मजदूर तथा ऐसे बच्चे जो किसी दूसरी जगह से आकर गांव में ठहरे हों, वे भी इन स्कूलों में आकर कोविन वैक्सीनशन की डोज लगवा सकते हैं। जिला कुल्लू में वर्तमान में छह ही कोरोना के सक्रिय मामले हैं तथा प्रतिदिन सैंपलिंग को भी बढ़ाकर 300 किया गया है। जिले में विदेश से यात्रा करने वाले 90 लोग शामिल हैं। दो जनवरी को 15 सैंपल जीनोम सिक्योंसिंग के लिए भेजे जाएंगे।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुशील चंद्र शर्मा, उप शिक्षा निदेशक शांति लाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कुमारी, डॉ अतुल गुप्ता तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।