अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में हफ्ते में दूसरी बार भारी बर्फबारी होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। क्षेत्र में शनिवार रात को बर्फबारी घाटी के लोगों के लिए आफत बनकर बरस गई। रविवार दोपहर बाद भी बारिश व बर्फबारी का दौर रुक-रुक कर चलता रहा।
भारी बर्फबारी से जिला कुल्लू में 60 से अधिक बस रूट अवरुद्ध हो गए हैं। विभिन्न जगहों पर एचआरटीसी की पांच बसें फंस गई। इसमें लगघाटी के खणीपांद में दो, ब्यासर में दो तथा सारी में एक बस घंटों तक फंसी रही। बर्फबारी से ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली सड़कें सबसे अधिक प्रभावित रही। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एचआरटीसी ने पहले ही बसों को सुरक्षित जगहों तक निकाल लिया था। बर्फबारी से कुल्लू-मनाली मुख्य रोड के साथ वामतट भी बंद हो गया है। राइट बैंक के आलू ग्राउंड तथा वामतट के नग्गर से आगे बसों की आवाजाही रुक गई है। उधर, बाह्य सराज को जोड़ने वाला औट-लूहरी-सैंज एनएच-305 छह जनवरी से बंद चल रहा है। लेकिन दोबारा हुई बर्फबारी ने आनी-निरमंड की 58 पंचायतों की परेशानी को बढ़ा दिया है। एनएच अथॉरिटी को अब तीन किलोमीटर की जगह 15 किलोमीटर से बर्फ को हटाना पड़ेगा। बर्फबारी से रोहाचला, छतरी, गाड़ागुशैणी, पीज, कोठी, पलचान, सोलंगनाला, बस्तोरी, भल्याणी, मलाणा, कोठी, करशाला, घुहाटन आदि सड़कों पर चलने वाली बसों के पहिये जाम हो गए है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि बर्फबारी से किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन अलर्ट है। पर्यटकों व लोगों को दुर्गम इलाकों की आरे न जाने की सलाह दी है।