मनाली के रांगड़ी में वन विभाग द्वारा अवैध कब्जों को जेसीवी से हटाते हुए।-संवाद
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में सरकारी औपचारिकताएं पूरी किये बगैर होटल के रूप में प्रयोग किए जा रहे 14 कमरों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सील कर दिया है। अब औपचारिकताएं पूरी कर एनओसी लेने के बाद ही यह कमरे खुल सकेंगे।
गौरतलब है कि होटल निर्माण के लिए विभिन्न विभागों की अनुमति लेना जरूरी है। नगर नियोजन विभाग की अनुमति के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति भी जरूरी है। मगर मनाली में एक होटल संचालक ने एक भवन के 14 कमरों की अनुमति नहीं ली थी। यह कमरे बिना अनुमति के होटल के रूप में प्रयोग किये जा रहे थे। लिहाजा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए 14 कमरों को सील कर दिया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुनील शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हालांकि होटल की सभी विभागों से एनओसी ली है। लेकिन, 14 कमरों की अनुमति नहीं ली गई। यह बिना अनुमति के ही चल रहे थे। बोर्ड ने इन कमरों को सील कर दिया है।
सरकारी भूमि से हटाया कब्जा
मनाली। मनाली में ही राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि से अवैध कब्जा भी हटाया है। एक होटल ने सरकारी भूमि पर कब्जा किया था। तहसीलदार ने कब्जा हटाने के आदेश दिए थे। इसके बाद संयुक्त टीम ने सोमवार को कब्जे हटाया। नायब तहसीलदार मनाली राम चंद नेगी ने कहा कि तहसीलदार के आदेश के बाद कब्जे का हटा दिया है।