अमर उजाला ब्यूरो
पतलीकूहल (कुल्लू)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे स्थित पतलीकूहल में बसों के ठहराव के लिए जल्द आधुनिक बस अड्डा बनेगा। इस काम के लिए सरकार ने कमर कस ली है। इसके लिए पतलीकूहल में कई स्थान देखे गए। बस टर्मिनल के निर्माण के लिए पतलीकूहल चौक के पास करीब वन विभाग की चार बीघा भूमि को उचित मान कर चयन कर लिया गया है।
भूमि पर निर्माण करने से पहले पेड़ों को काटना लाजिमी है। इसके लिए पर्यावरण विभाग से फॉरेस्ट क्लीयरेंस लेनी होगी। लिहाजा इसे वन विभाग की मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। एचआरटीसी कुल्लू के आरएम डीके नारंग ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय कुल्लू और पर्यटन नगरी मनाली के मध्य स्थित पतलीकूहल में बस टर्मिनल बनाने को लंबे समय से मांग चली आ रही थी। अब सरकार ने इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाकर प्रयास शुरू कर दिए हैं। क्लीयरेंस मिलते ही इस जगह से पेड़ काटकर बस टर्मिनल का काम शुरू कर दिया जाएगा। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि पतलीकूहल में बस टर्मिनल के लिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
टर्मिनल न होने से सड़क पर रुकती हैं बसें
स्थानीय पंचायत प्रधान विजय ठाकुर ने कहा कि पतलीकूहल में बस टर्मिनल न होने के चलते बसों को सड़क पर रोकना पड़ता है। इससे न केवल अन्य वाहनों को आवाजाही में परेशानी होती है, बल्कि बस में सवारियां उतारने-चढ़ाने में दिक्कत आ रही। ऐसे में कई बार दुर्घटनाएं भी पेश आ जाती हैं। इतना ही नहीं वाहनों को रुकने के लिए सही स्थान न होने के चलते पतलीकूहल अभी तक पर्यटन की दृष्टि से नहीं उभर पाया है। सैलानी यहां जलपान कर ही मनाली की ओर बढ़ जाते हैं।