लोनिवि ने दुरुस्त किया रामशिला का पुल
अमर उजाला में छपी खबर पर लिया संज्ञान
अमर उजाला ब्यूरो
खराहल (कुल्लू)। रामशिला में ब्यास नदी पर बने पुल की उखड़ी चादरों की मरम्मत लोनिवि ने कर दी है। पुल की मरम्मत होने से लोगों ने खुशी जताई है। अब पुल होकर आवाजाही करने में लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
अमर उजाला ने 24 तारीख को रामशिला पुल की चादरें उखड़ीं, राहगीर परेशान नामक शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। ऐसे में अब लोनिवि ने खबर का संज्ञान लेते हुए पुल को दो दिन में ही दुरुस्त कर दिया है। इसके लिए लोगों ने लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। स्थानीय वासी गुलबंदन महंत, सतीश महंत, अंकुश शर्मा, कुलदीप, कमला, बुधराम और पूर्व पंच पूर्ण चंद ने कहा कि पुल की दयनीय स्थिति के चलते स्कूलों के नौनिहालों को काफी दिक्कतें हो रही थीं। वहीं, राहगीरों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही थी। लेकिन, अब पुल की मरम्मत होने से सफर करने में बेहतर सुविधा मिल गई। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग कुल्लू के सहायक अभियंता केके शर्मा ने बताया कि पुल का निर्माण सोमवार को पूरा किया गया है। अब तमाम खामियों को दूर कर दिया गया है, जिससे लोगों को अब सहूलियत हो जाएगी।