कुल्लू/मनाली/कोकसर/बंजार। जिला में रविवार रात से हो रही बर्फबारी व बारिश के बाद पांच रूटों पर एचआरटीसी की बस सेवा बाधित हो गई है। वहीं रूटों पर निगम की तीन बसें भी फंस गई हैं। हालांकि अन्य रूटों पर निगम की बसें सुचारू रूप से चल रही हैं। सोमवार से रोहतांग दर्रा में अब तक 90 सेंटीमीटर, कोकसर व मढ़ी में 60, दारचा और खंजर में 45 सेंटीमीटर, गुलाबा में 45 सेंटीमीटर, केलांग व उदयपुर में 25 सेंटीमीटर, सोलंगनाला 35 सेंटीमीटर, मनाली शहर में 8 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का क्रम अभी भी जारी है। मौसम को लेकर लाहौल-स्पीति व कुल्लू जिला प्रशासन अलर्ट पर है।
कुंजम पास और बारालाचा पास में भारी हिमपात का अनुमान है। जबकि बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा बंद हो गया है। इस सीजन में मनाली माल रोड में पहली बार बर्फबारी हुई है। जिससे अब पर्यटन कारोबार को पंख लगने की उम्मीद है। निगम की जलोड़ी दर्रा होकर एचआरटीसी के सभी रूटों पर बस सेवा ठप हो गई हैं। प्रशासन ने ऊंचाई वाले स्थानों पर पर्यटकों को न जाने की सलाह दी है। बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं दो माह के बाद हुई बारिश व बर्फबारी को लेकर बागवान व किसानों ने राहत की सांस की है। निगम की बाहू से गाड़ागुशैणी, खौली व छतरी के चार बस रूटों पर बसों के पहिये थम गए हैं। जलोड़ी दर्रा में करीब 30 इंच बर्फबारी हुई है। ऐसे में एनएच 305 में जलोड़ी होकर वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गई है। कुल्लू-मलाणा रूट पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण निगम की बस यहां फंस गई है।
मलाणा सहित अन्य चार रूटों पर निगम की बस सेवाएं अभी बाधित हो गई हैं। वहीं पर्यटन नगरी मनाली में बर्फबारी की भनक लगते ही पड़ोसी राज्य के पर्यटकों ने मनाली का रूख कर लिया है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि बर्फबारी के कारण पांच रूटों पर निगम की बस सेवा प्रभावित हो गई है। वहीं बर्फबारी से निगम की तीन बसें भी रास्ते में फंसी हुई हैं। मौसम का रूख को देखकर ही निगम की अन्य बसों को भी रूट पर भेजा जाएगा।