अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला में बारिश के बाद बीएसएनएल सेवाएं ठप हो गई हैं। बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा और नेटवर्क न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दूरसंचार सेवाएं ठप होने से सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। दिनभर इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन काम नहीं हो सका। बैंकों में करोड़ों का लेन-देन नहीं हो सका।
लोक मित्र केंद्रों में भी बिजली व पानी का बिल जमा करने, नकल जमाबंदी आदि ऑनलाइन कार्य नहीं हो सके। बीएसएनएल की सेवाएं ठप होने से लोग दिन भर परेशान रहे। रविवार रात को जिला में भारी बारिश के बाद बीएसएनएल की सेवाओं पर असर पड़ा है। हालांकि बीएसएनएल के कर्मचारी इंटरनेट व दूरसंचार सेवा को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं। ढालपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में आए नरेश कुमार, बॉबी और गोदावरी देवी ने कहा कि दो दिन की छुट्टी के बाद वह सोमवार को बैंक में आए थे। लेकिन बैंक कर्मचारियों ने बीएसएनएल की सेवाएं ठप होने का हवाला देकर काम करने से मना कर दिया। इसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बीएसएनएल को दूरसंचार सेवा बहाल करने के निर्देश दिए जाएं। शहरवासी राकेश शर्मा, प्रीतम ठाकुर और रोबिन ने कहा कि दूरसंचार सेवा ठप होने से बीएसएनएल से फोन भी नहीं हो रहे हैं। ऐसे में एक दूसरे से संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने सेवाएं जल्द बहाल करने की मांग की है।