कुल्लू। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला कुल्लू की ओर से जिला स्तरीय विश्व कैंसर दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने उपस्थित समुदाय को बताया कि जिला कुल्लू में इस समय कैंसर के 85 रोगी पंजीकृत हैं और कुल्लू चिकित्सालय में कैंसर केयर यूनिट पिछले साल से क्रियाशील है। जिसमें कैंसर के मरीजों को कीमोथैरपी के साथ हर प्रकार का उपचार निशुल्क उपलब्ध करवाया जाता है। क्षेत्रीय अस्पताल में प्रत्येक बुधवार को कमरा नंबर 223 में कैंसर क्लीनिक आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र गुलेरिया ने कैंसर से बचाव के लिए संतुलित भोजन सब्जी और सलाद के उपयोग के साथ शारीरिक क्रियाशीलता पर बल दिया। क्षेत्रीय चिकित्सालय कुल्लू में कैंसर केयर यूनिट की प्रभारी डॉ. वांग्मो ने बताया कि भारत में 8 मिनट के भीतर एक महिला की मृत्यु बच्चादानी के कैंसर के कारण होती है। प्रत्येक दो महिलाओं का जिनका स्तन कैंसर का निदान किया जाता है उनमें से एक की मृत्यु हो जाती है। भारत में 2500 व्यक्ति प्रतिदिन तंबाकू संबंधी बीमारी से मृत्यु को प्राप्त हो जाते हैं। इस अवसर पर जनशिक्षा और सूचना अधिकारी देवेंद्र गौड़ ने भी कैंसर के शुरूआती लक्षणों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षक सवित्र चंद्र, सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक बहादुर चंद महिला मंडल के प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एनएनएम प्रशिक्षु उपस्थित थे।