राज्य स्तरीय जूडो को 21 खिलाड़ी चयनित
11 और 12 नवंबर को शिमला में हो रही है प्रतियोगिता
कलैहली में प्रशिक्षण शिविर में मेहनत कर रहे प्रतिभागी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शिमला में 11 से 12 नवंबर तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए कुल्लू जिला से 21 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जूडो संघ के जिला अध्यक्ष, कोच रणवीर ठाकुर तथा महासचिव विपन चंदेल ने बताया कि इसके लिए कलैहली स्थित एलएमएस स्कूल में 29 अक्तूबर को ट्रायल रखा गया था जिसमें इन बच्चों का चयन किया गया है। हाल ही में कसोल में हुई जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में जिन खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते हैं उन्हें शिमला में होने वाली खेलों में शामिल होने की प्राथमिकता दी गई।
इस संबंध में रणवीर ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए एलएमएस कलैहली में प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जहां पर यह सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में जीत के लिए जी-जान से मेहनत कर रहे हैं। जिला से प्रियंका, शगुन चंदेल, अतिक्षा राणा, रीतिका बौद्ध, कर्मवीर, रोहित शर्मा, उर्वशी, शिवांगी बोध, प्रियंका, अनीशा, भावना ठाकुर, मंजू देवी, अंकिता, पल्लवी, हिमानी शर्मा, श्रुति कश्यप, सागर वर्मा, अंकित चौधरी, रीतिन पठानिया, रितिंजय तथा विवेक ठाकुर का चयन हुआ है। इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले जूनियर वर्ग के खिलाड़ी जालंधर में दिसंबर होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।