अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल में पिछले दिनों हुई बर्फबारी के पांच दिन बाद भी कई सड़कों पर यातायात ठप हैं। आधा दर्जन रूटों पर निगम की सेवा भी बंद है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के हल्के फाहे गिरे। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले हाईवे 305 भारी बर्फबारी होने के कारण पहले से ही यातायात के लिए बंद हो गया है। बंजार से बठाहड़, बंजार से गाड़ागुशैणी, बंजार-ग्राहों, बंजार- जौरी, एनएच-305 पर सोझा, बंजार से आनी आदि बस रूटों पर बसों के पहिये जाम हो गए हैं। बंजार-बठाहड़, बंजार-गाड़ागुशैणी में भरठीधार तक, बंजार-ग्राहों में पोखरीधार तक, बंजार-जौरी में पनिहार तक, बंजार-आनी रूट में जिभी तक ही बसें जा रही हैं। इससे यात्रियों को मुुश्किलें पेश आ रही हैं। लोगों को कई किलोमीटर का रास्ता पैदल ही नापना पड़ रहा है। उधर, अड्डा प्रभारी बंजार नेत्र सिंह ने कहा कि निगम के आधा दर्जन से अधिक रूट बर्फबारी से प्रभावित हुए हैं। सड़क बहाल होने के बाद बसों को रूट पर भेजा जाएगा। एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज ने कहा कि ऊंचे इलाकों व बर्फबारी वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं।