अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल के नालों में बाढ़ आने व बादल फटने का सिलसिला नहीं थम रहा है। जाहलमा व मूरिंग पंचायत के नालों में बादल फटने के बाद बुधवार सुबह लोट नाले में बाढ़ आ गई। मनाली-किलाड़ व कुल्लू-काजा रूट पर आवाजाही ठप हो गई है।
बाढ़ से रानिका व वारपा पंचायत की सिंचाई कूहलें ध्वस्त हो गई हैं। बाढ़ से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इस बाढ़ के संबंध में सूचना दे दी है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि कूहलों की मरम्मत के लिए जल्द सहायता राशि प्रदान की जाए। नालों में बाढ़ आने व जलस्तर बढ़ने के कारण पांगी घाटी का जनजीवन प्रभावित हुआ है। मनाली-किलाड़ और कुल्लू-काजा रूट पर पिछले दो दिनों से आवाजाही ठप है। ऐसे में पांगी के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बादल फटने से नुकसान हो रहा है। उधर, उपायुक्त का कार्यभार देख रहे एसडीएम केलांग अमर नेगी ने कहा कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। बंद पड़ी सड़कों को बहाल कर जनता को राहत प्रदान की जाएगी।