राशल और किरतिंग में तोड़ी पट्टिकाएं
पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने किया था शिलान्यास
कांग्रेस अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज करवाएगी केस
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग/कोकसर (लाहौल स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में विकास कार्यों की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाएं तोड़े जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लाहौल के राशल में उद्घाटन और किरतिंग गांव में शरारती तत्वों ने शिलान्यास पट्टिकाएं तोड़ दी हैं। मामले में कांग्रेस पार्टी अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने जा रही है।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने राशल में पुल का उद्घाटन और किरतिंग गांव में पेयजल योजना का शिलान्यास किया था। उनकी पट्टिकाएं तोड़ी गईं हैं। इस संबंध में पार्टी प्रवक्ता अनिल सहगल ने कहा कि राशल पुल के उद्घाटन और किरतिंग गांव के लिए पेयजल की शिलान्यास पट्टिका को तोड़ना उनकी घटिया मानसिकता को दर्शाता है। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ डीसीसी द्वारा एफआईआर दर्ज भी की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीसीसी ने लोनिवि और आईपीएच विभाग के अधिकारियों को फोन द्वारा इसकी सूचना दे दी है और आग्रह भी किया है कि तोड़े गए स्थलों का निरीक्षण कर पुन: इसे ठीक किया जाए।
उधर, लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि इससे पहले भुजंड में पेयजल शिलान्यास पट्टिका शरारती तत्वों ने तोड़ी थी। जिसके लिए प्रशासन को कार्रवाई करने को कहा गया था लेकिन इस पर कोई अमल नहीं किया गया। सोमवार को तोड़ी गई पट्टिकाएं प्रशासन की अनदेखी का परिणाम हैं।