जिभी में जल्द बनेगी पार्किंग
जिभी वैली डेवलपमेंट टूरिज्म एसोसिएशन की बैठक में बोले शौरी
कहा-पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उठाएंगे ठोस कदम
अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। जिभी वैली डेवलपमेंट टूरिज्म एसोसिएशन की ओर से जिभी में जनरल हाउस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विशेष रूप से बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी ने शिरकत की। इस दौरान इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चर्चा की गई और सदस्यों ने विधायक के समक्ष कई सुझाव भी रखे।
एसोसिएशन के सचिव ललित ने कहा कि जिभी या किसी अन्य उभरते छोटे पर्यटन स्थलों को पर्यावरण के अनुकूल और सही तरीके से विकसित करने के लिए नीति अपनाई जाए। तीर्थन घाटी के गांव नांगनी में ट्राउट मछली और हैचरी आज भी मत्स्य विभाग की विफलता के कारण सुचारु रूप से नहीं चल पाया है। विश्व प्रसिद्ध ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के अंदर जलोड़ी की ओर से एक प्रवेश द्वार का होना जरूरी है। जिभी में पर्यटक सूचना केंद्र की भी आवश्यकता महसूस की जा रही है। जिभी गांव के आसपास स्ट्रीट सौर लाइट का होना जरूरी है।
बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी ने सुझावों को सुना और इन पर अमल करने के लिए मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। इस दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिभी क्षेत्र में विधायक निधि से पार्किंग व्यवस्था करने की घोषणा की। इस अवसर पर एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज, थाना प्रभारी सीआर चौधरी, तांदी पंचायत प्रधान नरेंद्र बडागरी, खाड़ागाड़ पंचायत प्रधान जय सिंह, पंचायत समिति अध्यक्ष हेत राम ठाकुर और उपाध्यक्ष केबल राम मौजूद रहे।