अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति में शुक्रवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और समूची घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद भारी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए प्रशासन तथा घाटी के लोगों ने खाद्य सामग्री तथा जरूरी समान पहले ही स्टॉक कर दिया है।
घाटी में तापमान माइनस-15 डिग्री सेल्सियस तक रहा। पेयजल की सभी पाइपें जाम हो गईं। रोहतांग दर्रा में करीब 15 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई। उदयपुर, केलांग, जाहलमा, मालंग, तेलंग, यंगरंग, कोलंग, गोंदला, सिस्सू तथा कोकसर में करीब सात सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड दर्ज की गई। घाटी की ऊंची पहाड़ियों शिगरी ग्लेशियर, लेडी ऑफ केलांग, घेपन पीक, गौशाल तथा नील कंठ की पर्वत श्रृंखलाओं में हिमपात हुआ। घाटी के किसानों को आगामी सीजन में भरपूर फसल की उम्मीद जगी है। किसान ओम चंद, दोरजे, छेवांग और कर्म सिंह कटोच ने बताया कि दिसंबर और जनवरी की बर्फबारी खेती के लिए उपयुक्त होती है। उधर, एसडीएम केलांग अमर नेगी ने बताया कि प्रशासन ने विपरीत परिस्थितियों से निपटने की तैयारी कर ली है। उन्होंने घाटी के लोगों को मौसम अनुकूल न होने तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।