अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के 30 होटलों को नोटिस किए गए हैं। पर्यटन विभाग, टीसीपी तथा प्रदूषण बोर्ड की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। पिछले दिनों एनजीटी की टीम ने मनाली के 35 होटलों में औचक निरीक्षण किया था। इनमें से करीब 30 होटलों में कई कमियां पाई गई थी। इसमें पर्यटन नगरी मनाली के माल रोड में दस होटल ऐसे पाए गए, जो पूरी तरह से अवैध चल रहे थे।
इन होटलों के संचालन के लिए किसी भी विभाग से अनुमति नहीं ली गई है। अवैध रूप से चल रहे इन होटलों ने टैक्स के रूप में भी सरकार को लाखों रुपये का चूना लगाया। लेकिन एनजीटी के रडार पर आए इन होटलों पर अब शिकंजा कसा जा रहा है। इनमें से कई होटलों ने अनुमति 10 कमरों की ली और मौके पर 18 से 24 कमरे पाए गए हैं। अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, टीसीपी और पर्यटन विभाग ने इन होटलों को कारण बताओ नोटिस थमा दिए हैं। इन होटलों पर आगे की क्या कार्रवाई करनी है इसको लेकर सबकी नजरें एनजीटी के आदेश पर टिकी हैं। इनकी सुनवाई 16 जुलाई को एनजीटी दिल्ली में होगी। जिला पर्यटन अधिकारी बीसी नेगी ने कहा कि जिन होटलों में कमियां पाई गई हैं, उनको नोटिस दे दिए हैं। एडीएम कुल्लू अक्षय सूद ने कहा कि निरीक्षण में मनाली के 30 होटलों में कई कमियां पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि 25 होटलों की जांच रिपोर्ट उन्होंने सरकार के माध्यम से एनजीटी को भेज दी है।