पंचायतें कचरा डंपिंग साइट का करें निर्माण
केलांग में पंचायती राज प्रतिनिधियों की बैठक में बोले डीसी
कहा-कार्य अवधि को ध्यान में रखते हुए कार्यों में लाएं तेजी
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। उपायुक्त लाहौल स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने कहा कि जिले में मेरा हिमाचल स्वच्छ हिमाचल अभियान के तहत ठोस और तरल कचरा प्रबंधन कर सभी पंचायतें कचरा डंपिंग साइट का निर्माण करें, जिससे जिले को स्वच्छ बनाया जा सके। वे कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने उपमंडल के सभी पंचायत प्रधानों से आग्रह किया कि वह अपनी पंचायतों की बीपीएल सूची की समीक्षा कर प्रत्येक ग्राम सभा में पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करें। साथ ही 14वें वित्त आयोग के तहत धनराशि का निर्धारित मापदंडों के अंतर्गत विकास कार्यों में खर्च करें। उन्होंने पंचायत सचिवों से आग्रह किया कि वह अपने पंचायत में हुए विकास कार्यों की समय-समय पर सामाजिक अंकेक्षण करें जिससे पारदर्शिता बनी रहे। ई-परिवार रजिस्टर की प्रतियों को पंचायत सूचना पट में लगाएं जिससे इसमें दावा, आपत्तियों को दुरुस्त कर 15 अप्रैल तक ई-परिवार रजिस्टर पूर्ण करें। बैठक में सभी विभागों द्वारा प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के बारे पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को जागरूक किया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में कम कार्य अवधि को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं। बैठक में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) अमर नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश, पंचायत समिति अध्यक्षा सुमिता और अन्य मौजूद रहे।