कुल्लू/लाहौल-स्पीति। उपायुक्त लाहौल स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने लंबे समय से घाटी से नदारद रहे सीएमओ केलांग को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। सीएमओ को नोटिस जारी करने के बाद हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार इसके दायरे में अभी और भी अधिकारी और कर्मचारी आ सकते हैं। लाहौल स्पीति में विभिन्न विभाग के अधिकारियों के साथ वीरवार को बैठक करने का निर्णय लिया है। जिससे घाटी से बाहर बिना छुट्टियों के निकले अधिकारियों पर नकेल कसा जाए।
लाहौल घाटी में केलांग में तैनात सीएमओ के लंबे समय से घाटी से बाहर थे। हालांकि कुछ डॉक्टर भी अपने काम निपटाने को घाटी से बाहर आए थे लेकिन वे वापस लाहौल घाटी पहुंच गए हैं। उपायुक्त ने घाटी से बाहर रहने वाले अधिकारियों की सूची तलब की थी। जिसके बाद उपायुक्त ने सीएमओ केलांग को घाटी से बाहर रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी ने कहा कि सीएमओ केलांग को घाटी से बाहर रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वीरवार को होने वाली बैठक में इस संबंध में विभिन्न अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।