अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू के बाह्य सराज की करशैईगाड़ घाटी के देवता नारायण ने 10, 500 फीट ऊंचे धार्मिक स्थल सरयोलसर में शाही स्नान किया। 27 साल बाद सरयोलसर की यात्रा पर गए देवता नारायण की रथयात्रा में सैकड़ों हारियानों व देवलुओं ने भाग लिया। एक किलोमीटर परिधि में फैली झील में देवता ने करीब 200 मीटर तक स्नान किया।
दो दिवसीय यात्रा में पूरी करशैईगाड़ की जनता उमड़ पड़ी। तीर्थ स्थल की यात्रा से लौटे देवता का उनके देवालय में भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों देवलु व महिलाएं देवता नारायण के शाही स्नान के साक्षी बने। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने पुरानी मन्नत को भी पूरा किया। एक दिन के रात्रि ठहराव के दौरान देवलुओं ने पूरी सरयोलसर के वातावरण को देवमय बना दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाटी का भी आयोजन किया। इस दौरान धार्मिक स्थल सरयोलसर में सैर सपाटे को आए पर्यटक व श्रद्धालुओं ने भी देवता नारायण से आशीर्वाद लिया। इस दौरान माता से देव मिलन और देव नृत्य आकर्षक का केंद्र रहा है। कारदार प्रेम दास, आलम चंद, बालकृष्ण, बालक राम, रमेश चंद, बेली राम, ओम प्रकाश, पदम राठौर, धर्म सिंह, सुंदर सिंह, रोशन लाल शर्मा, हंस राज का कहना है कि देवता 10 जून को सरयोलसर के लिए रवाना हुए थे और अगले दिन मंगलवार सुबह देवता ने पूरी देवविधि के तहत सरयोलसर झील में शाही स्नान किया। इस मौके पर गांव बनाला, जुहड़, फनौटी, धार, दपांदा, झाकडूपानी के साथ लगौटी, टकरासी व करशैईगाड़ पंचायतों के लोगों ने भी भाग लिया।