एनजीटी में सौंपी जाएगी मनाली
के 25 होटलों की चौथी रिपोर्ट
निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार करने में जुटी विभागीय जांच एजेंसियां
16 जुलाई को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल दिल्ली में होगी सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के 25 होटलों की चौथी जांच रिपोर्ट जुलाई माह के पहले हफ्ते तक एनजीटी को सौंप दी जाएगी। हालांकि एडीएम कुल्लू की अगुवाई में एनजीटी की जांच एजेंसियों ने गत दिनों इन होटलों का औचक निरीक्षण किया है। 25 कमरों से कम संख्या वाले होटलों की यह पहली रिपोर्ट है।
अभी तक प्रशासन ने सौ होटलों की तीन रिपोर्ट को एनजीटी में पहले ही सौंप कर दिया है। निरीक्षण के बाद राजस्व, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, टीसीपी, आईपीएच, बिजली बोर्ड तथा जिला पर्यटन विभाग ने रिपोर्ट बनाने का काम शुरू कर दिया है। एनीजीटी के औचक निरीक्षण में 35 होटलों में से 30 होटलों में कई खामियां पाई थीं। इसमें मनाली के माल रोड पर 10 होटल ऐसे पाए गए थे तो पूरी तरह से अवैध रूप से चल रहे थे। इन होटलों को किसी भी विभाग के कोई कागजात नहीं पाए गए। पर्यटन विभाग में पंजीकरण भी नहीं था। टीसीपी और प्रदूषण बोर्ड की एनओसी भी नहीं थी। इसके अलावा कई होटलों के पास अनुमति दो और तीन मंजिलों की थी और निरीक्षण में चार से पांच मंजिलों पाई गईं।
इस संबंध में एडीएम कुल्लू अक्षय सूद ने कहा कि रिपोर्ट बनाने के आदेश सभी विभागों को जारी कर दिए हैं। जुलाई के पहले हफ्ते तक इसे सरकार के माध्यम से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल को सौंपी जाएगी। अगली सुनवाई 16 जुलाई को एनजीटी दिल्ली में होगी।