कुल्लू के सुंदरीकरण को 66 करोड़ स्वीकृत
अम्रुत योजना के तहत होना है कुल्लू का विकास
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि अम्रुत योजना के तहत कुल्लू शहर के सुंदरीकरण के लिए केंद्र सरकार से 66 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इस योजना के तहत अब तक केंद्र सरकार से 12 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है जिसमें से छह करोड़ की राशि विभिन्न योजनाओं के लिए खर्च की गई है। सांसद ने अम्रुत योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं अध्यक्ष जिला विकास समन्वयन एवं अनुश्रवण समिति रामस्वरूप शर्मा ने शुक्रवार को बचत भवन में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला के बंजार, कुल्लू तथा मनाली विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चालू वित्त वर्ष में ग्रामीण क्षेत्रों को संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए 9 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन सड़क निर्माण कार्यों के लिए 49 करोड़ 66 लाख रुपये बजट का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जून माह तक 4 किलोमीटर नई सड़क, 4 किलोमीटर सोलिंग, 12 किलोमीटर बैरिंग तथा 18 किलोमीटर सड़क टारिंग का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत जिला के शत प्रतिशत घरों को बिजली उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत बंजार विधानसभा के बाहू स्थान पर 4 करोड़ की लागत से 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है जिससे क्षेत्र के लोगों को लौ वोल्टेज की समस्या से निजात मिल सके। इस मौके पर विधायक बंजार सुरेंद्र शौरी, जिला परिषद सदस्या धनेश्वरी ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष नग्गर अनिता ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन बंजार हेत राम, समिति के सदस्य युवराज बौद्ध, डोला सिंह, डीसी यूनुस, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, एडीएम अक्षय सूद, सीएमओ डॉ सुशील चंद्र मौजूद रहे।