तांदी डाइट में जल्द बनेगा आवास भवन : मारकंडा
इंटरनेट सुविधा के लिए स्थापित होगी वी-सेट
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग/लाहौल-स्पीति। तांदी स्थित डाइट संस्थान में प्रशिक्षुओं और शिक्षकों की सुविधा के लिए आवास भवन बनेगा। संस्थान को डिजिटल इंडिया कार्यक्रम से जोड़ने के लिए वी-सेट की सुविधा दी जाएगी। जबकि, पेयजल की दिक्कत को दूर करने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। कृषि, आईटी एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने तांदी डाइट में इसकी घोषणा की।
डाइट की समस्याओं को लेकर संस्थान के प्रधानाचार्य देवेंद्र शर्मा ने स्टाफ के साथ मारकंडा से मुलाकात की। मंगलवार को मारकंडा ने स्टाफ के निमंत्रण पर तांदी डाइट का दौरा किया। प्रधानाचार्य देवेंद्र शर्मा ने मारकंडा के समक्ष हॉस्टल निर्माण, संपर्क मार्ग में टारिंग, संस्थान में वी-सेट और पेयजल की व्यवस्था करने की मांग उठाई। कृषि मंत्री मारकंडा ने कहा कि डाइट में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अलावा टीचिंग स्टाफ की सुविधा के लिए जल्द आवास भवन का निर्माण किया जाएगा। संस्थान में हॉस्टल की व्यवस्था नहीं होने से छात्रों के साथ शिक्षकों को भी सर्दियों में बर्फ के बीच आसपास के गांवों से पैदल चल कर संस्थान पहुंचना पड़ रहा है। संस्थान में इंटरनेट सुविधा नहीं होने से ऑनलाइन कामकाज निपटाने के लिए कर्मियों को दस किमी दूर केलांग का रुख करना पड़ रहा है। लिहाजा, प्रिंसिपल देवेंद्र शर्मा ने मारकंडा से वी-सेट सुविधा की मांग उठाई। इस पर मारकंडा ने कहा कि डिजिटल इंडिया कार्यक्रम से जोड़ने के लिए तांदी डाइट में जल्द वी-सेट की सुविधा दी जाएगी। मारकंडा ने संस्थान की तरफ जाने वाली लिंक सड़क पर टारिंग करने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पेयजल की दिक्कत की दूर करने के लिए नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी।