जबाड़ी मेेला आज से, कबड्डी और वॉलीबाल मुख्य आकर्षण
विजेता टीम को बारह हजार पुरस्कार, माता दशमी वारदा के जगराते से शुरू होगा मेला
उमर उजाला ब्यूरो
खराहल (कुल्लू)। सेउबाग में तीन दिवसीय जबाड़ी मेले का आगाज 13 मार्च को माता दशमी वारदा के जगराते से होगा। इसके लिए मेला कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। माता दशमी वारदा और देवता ब्रींडू ढोल, नगाड़ों के साथ काईस स्थित देवालय से सेउबाग पहुंचेंगे।
माता के कारदार दोत राम ठाकुर ने बताया कि मेला माता दशमी वारदा और ब्रींडू देवता के सम्मान में मनाया जाता है। माता का मिलन ठाकर महाराज देवालय स्थित सेउबाग में होगा। मेले में माता देव परंपरा का देव विधि के साथ निर्वहन करेगी। माता और देवता 13 से 15 मार्च तक देव रस्म को निभाएंगे। मेले में ग्रामीण खेलें भी करवाई जाएंगी। खेलों का शुभारंभ काईस, गाहर और कराड़सू पंचायत की प्रधान करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में कुशल वर्मा और चंद्रा आभा ब्लाइंड स्कूल के बच्चे धमाल मचाएंगे। युवा मंडल सेउबाग के प्रधान रोहित वत्स और सचिव वेद भंडारी ने बताया कि पंडित लक्ष्मीकांत मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता और पंडित मधुसूदन मेमोरियल कबड्डी प्रतियोगिता भी इस दौरान होगी। दौड़ और चेयर रेस और घड़ा फोड़ प्रतियोगिता होगी। कबड्डी और वॉलीबाल के लिए शुल्क एक हजार रुपये रखा गया है। प्रथम रहने वाली टीम को 12 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 71 सौ-71 सौ रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। वॉलीबाल और कबड्डी के बेस्ट प्लेयर को ग्यारह सौ रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी।