जानकारी के अनुसार सोमवार को किसान संगठनों के अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पंजाब बंद का एलान किया है। ऐसे में सड़क व ट्रेनों के रास्ते बाधित किए जाने की पूर्ण संभावना है। किसी अनहोनी घटना से बचाव के लिए देश के अलग-अलग स्थानों से आने वाली रेलगाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी गई है। हालांकि, सुबह करीब 6:45 बजे दिल्ली से ऊना आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन का रूट पहले की तरह रखा गया है। यह ट्रेन सोमवार रात को दोबारा दिल्ली भी लौटेगी।
जिन रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है, उनमें 04501/04502 हरिद्वार-ऊना हिमाचल- हरिद्वार पैसेंजर, 22448/22447 नई दिल्ली-अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, 04593/04594 अंबाला छावनी- अंब अंदौरा- अंबाला छावनी पैसेंजर रद्द, दौलतपुर चौक-अंबाला छावनी जंक्शन-दौलतपुर चौक पैसेंजर, साबरमती-दौलतपुर चौक-साबरमती एक्सप्रेस और जनशताब्दी रद्द रहेंगीं। रद्द ट्रेनों में जनशताब्दी अंबाला तक आएगी। जबकि साबरमती एक्सप्रेस कुरुक्षेत्र जंक्शन तक ही चलेगी।
कालका-शिमला ट्रैक पर कोई असर नहीं
किसानों की ओर से कई मांगों को लेकर पंजाब बंद का असर कालका-शिमला विश्व धरोहर ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनों पर नहीं पड़ेगा। नव वर्ष के चलते सभी ट्रेनें कालका से शिमला और शिमला से कालका चलेंगी। हालांकि, कालका रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और आरपीएफ की तैनाती भी की है। खास बात यह है कि अभी तक किसान आंदोलन को लेकर कोई भी ट्रेन और टिकट भी कैंसिल नहीं हुई है।
सोमवार को किसान आंदोलन के कारण हिमाचल एक्सप्रेस को छोड़कर सभी ट्रेनें रद्द रहेंगी। कहा कि वंदे भारत में रविवार को तकनीकी खराबी आई थी। जिसे ठीक करने में समय लगा। उसके बाद इस ट्रेन को रवाना किया गया- राजवीर रंजन, सहायक अधीक्षक ऊना रेलवे स्टेशन