ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर के मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक श्रद्धालु युवती वाहन की चपेट में आ गई। इससे उसके पैर फ्रैक्चर आ गया है। घायल युवती अपने परिजनों के साथ मां ज्वाला देवी के दर्शनों के लिए पैदल मंदिर जा रही थी। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन में भी श्रद्धालु ही सवार थे।
गौरतलब है कि ज्वालामुखी मंदिर का मुख्य मार्ग आम वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है। यहां केवल प्रशासन की विशेष अनुमति के बाद ही गाड़ियां जा सकती हैं। ऐसे में प्रतिबंधित क्षेत्र में इस वाहन के प्रवेश से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो जाने के कारण पुलिस में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों छुट्टियों और भारी भीड़ के कारण मंदिर मार्ग पर पैदल श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। ऐसे में इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही हादसों को न्योता दे रही है। प्रशासन को मुख्य मार्ग पर निजी और भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए।
उधर, मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित वाहन चालक के पास प्रशासन की अनुमति थी या वह नियमों को ताक पर रखकर प्रतिबंधित मार्ग में दाखिल हुआ था। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।