बैजनाथ(कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ के चौबू गांव में बिनवा खड्ड में नहाने उतरे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल उर्फ वीरू निवासी नगेहड़ (चौबू) के रूप में हुई है। 29 मई से लेकर 29 जून तक एक माह में जिला कांगड़ा में अब तक सात लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। मृतक विशाल वेल्डिंग का काम करता था। वह शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए खड्ड में चला गया।
इस दौरान उसके दोस्त बातों में व्यस्त हो गए। तभी विशाल जहां नहा रहा था, वहां से जोर से आवाज आई। इस दौरान दो बच्चे विशाल को पानी से बाहर निकाल रहे थे, जिसके बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने विशाल को खड्ड से बाहर निकाला। विशाल को बैजनाथ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। उधर, बैजनाथ के डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
एक माह में सात की मौत
29 मई - गंगथ के 42 साल के व्यक्ति की छोंछ खड्ड में डूबने से हुई थी मौत
1 जून - जवाली के बनोली में खड्ड में डूबने से नाबालिग युवक की गई थी जान
2 जून - न्यूगल खड्ड में डूबकर पुढ़वा के 22 वर्षीय युवक की हुई थी मौत
19 जून - कांगड़ा बाईपास के पास बनेर खड्ड में डूबने से जिंदगी गंवा बैठा था युवक
21 जून - पालमपुर की न्यूगल खड्ड में नहाने उतरे युवक बना था काल का ग्रास
25 जून - बनेर खड्ड में नहाने उतरा युवक की डूबने से मौत, हार जलाड़ी का था युवक
28 जून - अब बैजनाथ की बिनवा खड्ड में डूबने से जिंदगी हार बैठा युवक