राजा का तालाब (कांगड़ा)। भाटी पीर दंगल की प्रबंधक कमेटी ने सोमवार को प्रधान पुनीत महाजन टिंकू की अध्यक्षता में बैठक कर तीन जून को होने वाले ऐतिहासिक दंगल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। पदाधिकारियों ने कमेटियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपीं। प्रबंधक कमेटी ने बताया कि दंगल में इस बार पहलवानों पर लाखों रुपये की बारिश होगी। पांच लाख की बड़ी माली, चार लाख की दूसरी माली और दो लाख की तीसरी माली के लिए दंगल में 6 ईरानी पहलवान, जॉर्जिया के पहलवान, नेपाल के देवा थापा सहित अन्य नामी पहलवान दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा पाकिस्तान से भी पहलवानों को आमंत्रित करने के लिए प्रबंधक कमेटी लगातार प्रयासरत है।
प्रबंधक कमेटी ने बताया कि दर्शकों के लिए इस बार प्रथम इनाम एक्टिवा स्कूटी, द्वितीय स्पोर्ट्स साइकिल, तृतीय फ्रिज और चतुर्थ वाॅशिंग मशीन रखा है। दंगल कमेटी ने बाजार को भी सजाया है। दर्शक दीर्घा में अत्यधिक भीड़ होने की वजह से छह बड़ी स्क्रीनें भी लगाई जाएंगी। प्रबंधक कमेटी 28 मई को एक विशाल भंडारे का भी आयोजन करेगी।